भारतीय जनता पार्टी ने विश्व की चौथी अंतरिक्ष महाशक्ति के तौर पर भारत का नाम दर्ज होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस उपलब्धि के लिए पराक्रमी-पुरुषार्थी वैज्ञानिकों को दी बधाई

0
images

रायपुर —  भारतीय जनता पार्टी ने विश्व की चौथी अंतरिक्ष महाशक्ति के तौर पर भारत का नाम दर्ज होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस उपलब्धि के लिए पराक्रमी-पुरुषार्थी वैज्ञानिकों को बधाई दी है। पार्टी ने एक सुविचारित और सशक्त नेतृत्व देकर भारत को शिखर की ओर ले जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी अभिनंदन किया है।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत को यह उपलब्धि मिली है और यह भारतवासियों के लिए अत्यन्त गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष में घूम रहे लाइव सैटेलाइट को अपने एंटी सैटेलाइट मिसाइल से मार गिराया, जो मिशन शक्ति के वैज्ञानिकों की बहुत बड़ी उपलब्धि है।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून की मर्यादा का पालन करते हुए यह क्षमता हासिल करना निश्चित ही गर्व का विषय है। स्पेस और सैटेलाइट के बढ़ते महत्व को आत्मसात कर उस दिशा में आगे बढ़ना समय की मांग है और अब हमें आगे बढ़कर स्वयं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना चाहिए।
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री सुश्री सरोज पांडेय ने मिशन शक्ति की सफलता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय वैज्ञानिकों की दृढ़ इच्छाशक्ति और सामर्थ्य का प्रतीक बताते हुए कहा कि अब समय अंतरिक्ष की लड़ाई का ही है। भविष्य में जो भी देश दुश्मन देश के अंतरिक्ष सर्विलांस को खत्म कर देगा, वही विजेता होगा। इस मामले में हम अपने पारंपरिक दुश्मन पाकिस्तान से मीलों आगे और चीन के समकक्ष खड़े हो चुके हैं।
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने मिशन शक्ति को समर्थ भारत के सक्षम नेतृत्व में भारतीय वैज्ञानिकों की महान उपलब्धि बताते हुए कहा कि 11 और 13 मई 1998 को जब अटल जी के प्रधानमंत्रित्व काल में भारत ने परमाणु परीक्षण कर भारत को दुनिया के सबसे ताकतवर देशों की कतार में खड़ा कर दिया था, उसके वाद आज भारत के सामरिक इतिहास का सबसे बड़ा दिन है।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने मिशन शक्ति की सफलता पर कहा कि भारत की देखादेखी जब पाकिस्तान ने भी परमाणु परीक्षण किया था तब अमेरिका द्वारा लगाये गए प्रतिबंध के बाद पाकिस्तान दीवालिया हो गया जबकि भारत कि उसे अपने लिए एक आर्थिक अवसर के रूप में भी देखा जिससे भारत आर्थिक मामले में भी आत्मनिर्भर हो गया था। अटल जी की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाते हुए मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत ने वह कर दिखाया जो भारत विरोधी ताकतों को चेतना शून्य कर देने पर्याप्त है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने मिशन शक्ति की सफलता पर वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि अटल जी के कुशल नेतृत्व में परमाणु परीक्षण कर हमने दुनिया के पांच ताकतवर देशों में अपनी जगह बनायी थी। मोदी जी के दृढ़ नेतृत्व में इस परीक्षण के बाद अब हम दुनिया के श्रेष्ठ चार देशों की कतार में शामिल हो गये हैं।
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में समर्थ भारत की इस उपलब्धि पर वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि भारत के पहले प्रधानमंत्री ऐसे थे, जो एक शक्तिशाली सेना तक के पक्षधर नही थे, यहां तक कि वे सेना के लिए ज्यादा बजट तक खर्चने को फिजूल मानते थे, लेकिन आज भारत मोदी जी के नेतृत्व में अपनी सुरक्षा के मामले में आत्मनिर्भर है।
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने मिशन शक्ति पर राजनीतिक ड्रामेबाजी किए जाने पर कांग्रेस को देश की सुरक्षा और विकास से जुड़े मुद्दों पर राजनीति नही करना चाहिए और अतीत की लापरवाही से सबक लेना चाहिए।
प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक शिवरतन शर्मा ने मिशन शक्ति की सफलता के बाद कांग्रेस द्वारा दी गई प्रतिक्रियाओं पर प्रहार करते हुए कहा कि डीआरडीओ के तत्कालीन अध्यक्ष वी.के. सारस्वत ने स्पष्ट कहा है कि इस मिशन को कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने रोक दिया था। यह वही समय था जब मनमोहन सिंह ने कहा था कि पैसे पेड़ पर नही उगते।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीचंद सुन्दरानी एवं संजय श्रीवास्तव ने कहा कि डोकलाम विवाद के बाद भारत ने पाकिस्तान और चीन द्वारा उपस्थित होने वाली संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए इसे मिशन मोड पर शुरू किया और आज परिणाम सामने है। उन्होंने कहा कि देश को आज सारी दुनिया ने बड़ी ताकत माना है और इस मामले में भी कांग्रेस घटिया राजनीतिक मानसिकता का परिचय दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed