किसानों का धान भिगोकर बर्बाद करने और उन्हें आत्महत्या के लिए विवश करने वाली कांग्रेस घड़ियाली आँसू न बहाए : भाजपा
किसानों का धान भिगोकर बर्बाद करने और उन्हें आत्महत्या के लिए विवश करने वाली कांग्रेस घड़ियाली आँसू न बहाए : भाजपा
प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा का तीखा हमला : धान खरीदी पर भूपेश बघेल का बयान अराजकतावादी राजनीतिक एजेंडे का शर्मनाक प्रदर्शन
”चार किश्तों में रुला-रुलाकर भुगतान और 2 साल का बोनस डकारने वाले पहले प्रदेश के अन्नदाताओं से माफी मांगें”
विष्णुदेव साय सरकार में चाक-चौबंद व्यवस्था से किसान खुशहाल, स्वयं भूपेश बघेल को भी मिला धान का भरपूर दाम
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा ने धान खरीदी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कथन पर तीखा पलटवार कर कहा है कि भूपेश बघेल का बयान हताशा से उपजा और अराजकतावादी राजनीतिक एजेण्डे का बेहद शर्मनाक प्रदर्शन है।
भाजपा प्रदेश मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि अपने पाँच साल के कुशासन में अन्नदाताओं को एक-एक दाने के लिए तरसाने वाली, उनके पसीने की कमाई को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाने वाली और रकबा कटौती कर किसानों को आत्महत्या की दहलीज पर धकेलने वाली कांग्रेस को आज किसानों के नाम पर घड़ियाली आँसू बहाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। बघेल को दूसरों पर अनर्गल आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबाँ में झाँकना चाहिए। श्री वर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में धान खरीदी सिर्फ अव्यवस्था, दलाली और घोटालों का माध्यम बनकर रह गई थी। खुले आसमान के नीचे किसानों का धान भिगो-भिगोकर सड़ा दिया जाता था। किसानों को उनकी ही उपज का दाम चार किश्तों में रुला-रुलाकर दिया जाता था और चुनावी वादे के बावजूद किसानों के दो साल का धान का बोनस डकार लिया गया था। बघेल को धान खरीदी पर ज्ञान देने से पहले प्रदेश के लाखों किसानों से उनके हक का बोनस पचाने और उन्हें प्रताड़ित करने के लिए हाथ जोड़कर माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस शासन में खाद की खुली कालाबाजारी होती थी और कांग्रेस नेता उस सिंडिकेट के सरगना बने बैठे थे।
